
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : एअर इंडिया ने यात्रियों के लिए एक बड़ा झटका देते हुए अमृतसर से लंदन गेटविक तक की सीधी उड़ान 15 जुलाई तक रद्द कर दी है। पहले ये फ्लाइट हफ्ते में तीन दिन संचालित होती थी। साथ ही अमृतसर-बर्मिंघम रूट की उड़ानों को भी अब हफ्ते में तीन की जगह दो दिन किया गया है।
ये बदलाव उड़ान से पहले की सुरक्षा जांच को और सख्त करने और मध्य पूर्व के कुछ हवाई क्षेत्रों के बंद होने के चलते लिया गया है, जिससे उड़ानों का समय बढ़ गया है।
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने बोइंग 787 और 777 विमानों से जुड़ी कई सेवाएं अस्थायी रूप से घटा दी हैं। इससे प्रभावित यात्रियों को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को एयर इंडिया की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तकनीकी खामी के कारण रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली से पेरिस और अहमदाबाद से लंदन जाने वाली उड़ानों को भी इसी वजह से रोक दिया गया।
एयर इंडिया ने बताया कि उड़ान से पहले जरूरी जांच प्रक्रिया में दिक्कत आने के कारण फ्लाइट AI 143 को रद्द करना पड़ा। वहीं, पेरिस से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI 142 को भी बुधवार को उड़ान भरने से रोक दिया गया।
इन रद्द उड़ानों के कारण सैकड़ों यात्रियों को समय, पैसा और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा है। हालांकि कंपनी का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और सेवाएं जल्द ही सामान्य कर दी जाएंगी।