Prabhat Vaibhav, Digital Desk : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगामी 1 मई को मोक्ष की भूमि गयाजी और ज्ञान की भूमि बोधगया के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर होने वाला यह दौरा केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि विकास के लिहाज से भी ऐतिहासिक साबित होने वाला है। मुख्यमंत्री इस दौरान गयाजी के विष्णुपद कॉरिडोर और बोधगया के महाबोधि कॉरिडोर की उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगे, जिससे इन दोनों परियोजनाओं के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो जाएगा।
विष्णुपद मंदिर में सुरक्षा सख्त: चप्पे-चप्पे की हो रही पड़ताल
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन 'एक्टिव मोड' में है। सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने लाव-लश्कर के साथ विष्णुपद मंदिर का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर के गर्भगृह, प्रवेश और निकास द्वार के साथ-साथ देवघाट और मंदिर कॉरिडोर का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर के आसपास स्थित होटलों, धर्मशालाओं और दुकानों की बारीकी से जांच करने के आदेश दिए गए हैं ताकि मुख्यमंत्री की पूजा-अर्चना के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन चाक-चौबंद रहे।
दो महा-कॉरिडोर पर लगेगी अंतिम मुहर: बदल जाएगी शहर की सूरत
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री बोधगया स्थित राज्य अतिथि निवास में एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा विष्णुपद और महाबोधि कॉरिडोर का निर्माण है। बता दें कि इससे पहले पटना में हुई बैठक में मुख्यमंत्री को इन कॉरिडोर के अलग-अलग डिजाइन और मॉडल दिखाए गए थे। माना जा रहा है कि 1 मई को मुख्यमंत्री किसी एक फाइनल मॉडल पर अपनी स्वीकृति की मुहर लगा देंगे। इसके बाद इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए टेंडर और निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
काशी और उज्जैन की तर्ज पर होगा विकास
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विजन गयाजी और बोधगया को अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। विष्णुपद कॉरिडोर बनने से पितृपक्ष मेले के दौरान आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों को सुगम दर्शन और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, महाबोधि कॉरिडोर बोधगया की वैश्विक पहचान को और मजबूती देगा। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय निवासियों और पंडा समाज में भी भारी उत्साह है, क्योंकि यह दौरा गया के विकास के लिए 'गेम चेंजर' साबित हो सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों ने डाला डेरा: पार्किंग और यातायात का मास्टर प्लान तैयार
मुख्यमंत्री के सरकारी कार्यक्रम को देखते हुए गया और बोधगया में यातायात प्रबंधन और पार्किंग के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया गया है। विष्णुपद मंदिर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि आम श्रद्धालुओं को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बुद्ध पूर्णिमा के चलते बोधगया में विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं।




