img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक बड़ा हादसा हुआ है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों का एक वाहन बसंतगढ़ में खाई में गिर गया, जिससे तीन जवानों की मौत हो गई और कुछ घायल हो गए। सभी घायलों को कमांड अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंकर वाहन में कुल 23 जवान सवार थे। जैसे ही वाहन कंदवा-बसंतगढ़ मार्ग पर पहुँचा, अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों को जब इसकी जानकारी हुई, तो वे तुरंत मौके पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायल जवानों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उधमपुर के एडिशनल एसपी संदीप भट ने जानकारी देते हुए बताया कि, "जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में कंडवा के पास एक वाहन दुर्घटना में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद हो गए और 12 घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।"

स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए हैं। डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, "कंदवा-बसंतगढ़ इलाके में सीआरपीएफ के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर दुखी हूँ। वाहन में सीआरपीएफ के कई बहादुर जवान सवार थे। बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोग अपने-अपने तरीके से मदद के लिए आगे आए हैं। यथासंभव मदद की जा रही है।"

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी दुख व्यक्त किया।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "उधमपुर के पास हुए हादसे में सीआरपीएफ जवानों की मौत की खबर सुनकर मुझे दुख हुआ है। हम राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को हमेशा याद रखेंगे। मेरी संवेदनाएँ उनके परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।"