img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मई आमतौर पर तेज गर्मी के लिए जाना जाता है, लेकिन इस साल मौसम ने कुछ राहत दी है। महीने के तीसरे सप्ताह में तापमान में इजाफा जरूर हुआ, लेकिन बाद में मौसम ने करवट ली और बारिश ने ठंडक घोल दी। महीने की शुरुआत और अंत में बादल मेहरबान रहे और पहाड़ से मैदान तक अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, प्रदेश में 27 मई तक औसतन 55.7 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार पूरे महीने में कुल 97.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक बारिश गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग जिले में हुई, जहां 190.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुमाऊं मंडल में बागेश्वर जिला 149.6 मिमी बारिश के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दोनों जिलों में औसतन से दोगुनी से भी अधिक बारिश हुई।

वहीं, सबसे कम बारिश ऊधमसिंह नगर जिले में केवल 32.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 2 जून तक बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना जताई है। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार, 10 जून से प्री-मानसून और 15 से 18 जून के बीच मानसून दस्तक दे सकता है। इस बार सामान्य से अधिक बारिश की उम्मीद है।

हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का बदला मिजाज
मंगलवार को हल्द्वानी और उसके आसपास के इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। सुबह हल्की धूप रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। काठगोदाम में करीब 10 से 15 मिनट तक जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।