कांग्रेस ने देश का विकास किया, भाजपा बांटने का काम कर रही, अंकिता भंडारी के हत्यारों को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया ये बयान

img

देहरादून। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यहां रविवार को विराट कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि देश का विकास सिर्फ कांग्रेस ने किया, भाजपा देश को बांटने का काम कर रही। भाजपा नीत सरकार विपक्ष के नेताओं का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए बूथ स्तर पर काम करने पर जोर दिया।

रविवार दोपहर रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में विराट कार्यकर्ता सम्मेलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव का आगाज किया। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर उतरने तक की परमिशन भाजपा सरकार में नहीं मिल रही है। हेलीकॉप्टर में उड़ने और चढ़ने के लिए नरेन्द्र मोदी से परमिशन लेना पड़ता है। ये सरकार राहुल गांधी और हमको परेशान कर रही है। ऐसी सरकार को निकालना है और निकालने वाले आप ही लोग हैं। उत्तराखंड के लोग हिम्मती हैं। आप अपनी जान देकर देश को बचाते हैं, लेकिन इन सबका क्रेडिट मोदी खुद लेते हैं। प्रधानमंत्री मोदी काे हमेशा झूठ बोलते की आदत है। सुबह उठते ही भगवान और घर के लोगों को नहीं बल्कि टीवी पर मोदी का चेहरा दिखता है।

उन्होंने तंज किया कि प्रधानमंत्री मोदी विष्णु के 11वें अवतार बनने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा की तानाशाही से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। भाजपा बताए कि देश की आजादी में उसका क्या योगदान है। भाजपा कांग्रेस को देशभक्ति ना सिखाये। कांग्रेस ने संस्थान बनाएं, भाजपा ने बेचने का काम कर रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि भाजपा देश की कुर्बानी देने वालों को गाली देते हैं। कांग्रेस ने देश और लोकतंत्र को बचाया। तब वे आज प्रधानमंत्री बने हैं। सब संविधान और कांग्रेस के वजह से मिला है। धर्म आस्था अलग होती है। हर जगह अपनी बात में कांग्रेस को गाली देते हैं। उनको सपने में नेहरू, इंदिरा राजीव, सोनिया आते हैं। आजकल तो राहुल गांधी भी सपने में प्रधानमंत्री को नहीं सोने देते हैं। असम में भाजपा सरकार होने के चलते यात्रा के दौरान पत्थरबाजी की गई। हम डरने वाले में नहीं है। देश के लिए जान देने वाले लोग हैं। देश को एक रखने के लिए इंदिरा और राजीव ने जान दी। देश के लिए हमारे नेता आजादी में जान देने के साथ जेल गए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश को मजबूत किया। नेहरू दूरदृष्टि वाले थे और वे बड़े-बड़े कारखाने और डैम बनवाये। एनआईटी, एम्स, भेल, ओएनजीसी, सब कांग्रेस की देन है। धर्म के नाम पर वोट लेना गद्दारी है। कांग्रेस को भाजपा और मोदी से हमें सीखना नहीं है। पंडित नेहरू और बाबा साहब ने संविधान लिखने के लिए काम किया है। संविधान के साथ वोटिंग का अधिकार कांग्रेस ने दिया। अब वो इसे वापस लेने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महंगाई की बात करने वाली भाजपा सरकार में महंगाई नियंत्रित नहीं है। हमारे जमाने में 410 गैस सिलेंडर थी अब हजार पार है। देश का विकास के नाम पर मजाक किया जा रहा है। ऐसे लोगों पर भरोसा करना देश के गरीब और किसानों के साथ गद्दारी करना होगा।

उन्होंने कहा कि ये देवनगरी है। हिमालय में चारधाम, देव,नदी, झरना सबकुछ आपके पास है। अब मोदी के पीछे नहीं भागना है। अंकिता भंडारी के हत्यारे को सरकार पकड़ नहीं पाई। उन्होंने जोशीमठ भू-धंसाव की स्थिति पर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि ऐसे हादसे के लिए इनके पास सोच नहीं है। ऐसे लोगों को सत्ता से निकाल देने चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नौजवानों की भर्ती के नाम पर अग्निवीर योजना लाई, लेकिन वो चार साल बाद कहां जाएंगे। आज अग्निवीर सड़कों पर घूम रहे हैं। मोदी के मेरिट में जो होगा, उसे नौकरी मिलेगी। इस सरकार में नौकरी छीन कर युवाओं को तंग किया जा रहा है। नियुक्तियां देने के नाम पर फोटो सेशन किया जा रहा है।

भाजपा सरकार में बेटियां की चिंता नहीं-करन माहरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि देश और राज्य में बेटियों की कोई चिंता करने वाला है। भाजपा सरकार युवाओं को छलने के लिए अग्निवीर योजना लायी है। राज्य में अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय नहीं मिल रहा है।

भाजपा नारों की सरकार- नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड के चुनाव में पूरी ईमानदार के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के नेतृत्व में चुनाव जीतने के लिए काम करेंगे। भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार के हर बार नारे बदल जाते हैं। भ्रष्टाचार में राज्य की सरकार डूबी हुई है। अंकिता भंडारी मामले में हत्यारे को सरकार को बचा रही है।

भाजपा की सच्चाई को बताना होगा- गोदियाल

पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अब दायित्व हमारा बढ़ गया है। केन्द्र की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए काम करना है। भाजपा गलत माहौल बना रही। हमें गांव गांव जाकर लोगों को सच्चाई बतानी होगी।

इस मौके पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलेजा, सह प्रभारी दीपिका पांडेय,हरीश रावत, प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल,नासिर हुसैन, गुरदीप, काजी निजामुद्दीन, मनोज यादव,हरक सिंह रावत सहित अन्य मौजूद रहे।

Related News