img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : सोमवार को देहरादून एयरपोर्ट के आसपास घने कोहरे के कारण हवाई सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा। सुबह कम दृश्यता के चलते कई उड़ानें समय से नहीं उतर सकीं और यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, अहमदाबाद से आने वाली इंडिगो की सुबह 7.55 बजे की उड़ान साढ़े पांच घंटे लेट होकर दोपहर 1.25 बजे एयरपोर्ट पर पहुंची। इसके अलावा, जयपुर और हैदराबाद से आने वाली उड़ानें भी क्रमशः दोपहर 12.44 बजे और 1 बजे तक देरी से पहुंचीं।

इसी तरह, कोलकाता से दोपहर 12.10 बजे आने वाली उड़ान 12.39 बजे और पुणे से शाम 5.05 बजे आने वाली उड़ान शाम 5.41 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। यात्रियों ने कहा कि इस देरी के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शाम को एयरपोर्ट पर फिर से कोहरा छा गया। इस दौरान लखनऊ की 4.55 बजे आने वाली उड़ान कई चक्कर लगाने के बाद भी एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी और उसे लखनऊ के लिए डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, मुंबई की 6.20 बजे और दिल्ली की 7.10 बजे की उड़ानें भी दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दी गईं।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से समझदारी दिखाने और अपडेटेड उड़ान जानकारी मोबाइल या एयरलाइन काउंटर से लेने की अपील की है।