Prabhat Vaibhav,Digital Desk : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का परिवार शुक्रवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचा। हरकी पैड़ी पर पहुंचते ही उन्होंने श्रद्धा और भक्ति के साथ गंगा स्नान किया और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया।
धोनी की पत्नी साक्षी धोनी, उनकी माता, बहन और परिवार के अन्य सदस्य शाम को हरकी पैड़ी पहुंचे। इस दौरान परिवार ने विधिवत पूजा-अर्चना की और छठ पर्व के अवसर पर विशेष अनुष्ठान संपन्न किए। कार्यक्रम पूरी तरह निजी था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
श्री गंगा सभा ने परिवार के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए थे। महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने साक्षी धोनी को हरकी पैड़ी के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के बारे में बताया। साथ ही गंगा आरती और गंगा सेवा के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
साक्षी धोनी ने कहा कि बचपन में वह अपने माता-पिता के साथ कई बार हरिद्वार आई थीं, लेकिन इस बार वर्षों बाद आकर उन्हें गहरी शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने गंगा आरती और हरिद्वार की पवित्रता की प्रशंसा करते हुए इसे आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत केंद्र बताया।
धोनी परिवार ने इस अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और जरूरतमंदों को उपहार और भोजन भी वितरित किए। उनके सादगी भरे व्यवहार ने स्थानीय श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। श्री गंगा सभा के गंगा सेवा दल के सचिव उज्जवल पंडित, प्रचार मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणी, तीर्थ पुरोहित अनुज प्रधान और प्रदीप जयवाल भी मौजूद रहे।
_1204101105_100x75.jpg)



