Prabhat Vaibhav,Digital Desk : भारतीय सिनेमा के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी जासूसी थ्रिलर 'धुरंधर 2' (Dhurandhar 2) ने बॉक्स ऑफिस पर वो कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए सपना था। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के महज 18वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये की कमाई का जादुई आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है।
18वें दिन भी जारी है 'धुरंधर' कमाई: रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन
19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली 'धुरंधर 2' का क्रेज तीसरे सप्ताह में भी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने अपने 18वें दिन (सोमवार) को 28.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। फिल्म की अब तक की कमाई के आंकड़े किसी को भी हैरान कर सकते हैं:
पहला सप्ताह: 674 करोड़ रुपये
दूसरा सप्ताह: 263.65 करोड़ रुपये
कुल नेट कलेक्शन (भारत): 1013.77 करोड़ रुपये
कुल ग्रॉस कलेक्शन (दुनिया भर में): 1213.74 करोड़ रुपये
'बाहुबली 2' और 'पुष्पा 2' के सिंहासन को खतरा
'धुरंधर 2' की इस सुनामी ने दक्षिण भारतीय फिल्मों के दबदबे को चुनौती दी है। अब रणवीर सिंह की इस फिल्म का अगला निशाना प्रभास की 'बाहुबली 2' (1030.42 करोड़) और अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' (1234.10 करोड़) के लाइफटाइम रिकॉर्ड्स हैं। फिल्म ने पहले ही 'RRR', 'KGF 2' और 'कल्कि 2898 AD' जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। बॉलीवुड की बात करें तो 'जवान', 'पठान', 'स्त्री 2' और 'एनिमल' जैसी फिल्में 'धुरंधर 2' के कलेक्शन के सामने काफी पीछे रह गई हैं।
साधारण लड़के से 'खतरनाक जासूस' बनने की रोमांचक दास्तान
'धुरंधर 2' केवल एक्शन ही नहीं, बल्कि एक दमदार कहानी का भी मेल है। फिल्म का यह दूसरा भाग दरअसल एक प्रिक्वल (Prequel) है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक साधारण लड़का जसकिरत सिंह रंगी, पाकिस्तान के लयारी इलाके के सबसे खूंखार जासूस हमजा अली मजारी में तब्दील होता है। फिल्म की पटकथा लयारी के गुप्त अंडरवर्ल्ड और राजनीतिक गलियारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जहाँ नायक आतंकवाद के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए अपनी जान की बाजी लगा देता है।
रणवीर और आदित्य धर की जोड़ी ने मचाया तहलका
निर्देशक आदित्य धर (Uri फेम) ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे देशभक्ति और जासूसी जॉनर के मास्टर हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ-साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी ने अपनी अदाकारी से जान फूँक दी है। दर्शकों और समीक्षकों का मानना है कि फिल्म का 'लार्जर दैन लाइफ' ट्रीटमेंट और रणवीर सिंह का इंटेंस ट्रांसफॉर्मेशन ही इसकी सफलता की असली कुंजी है।




