img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (CTR) से सटे तड़म गांव में एक आदमखोर बाघ ने 60 वर्षीय बुजुर्ग ग्रामीण को अपना निवाला बना लिया। बाघ ने बुजुर्ग पर उस वक्त हमला किया जब वह जंगल में लकड़ी लेने गए थे। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग के खिलाफ आक्रोशित हैं।

लकड़ी लेने गए थे जंगल, फिर नहीं लौटे वापस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़म गांव निवासी खीम सिंह रावत (60 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब 7 बजे रोज की तरह पास के जंगल में सूखी लकड़ियां और घास लेने निकले थे। आमतौर पर वह सुबह 10 बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन जब दोपहर तक उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने जंगल की ओर उनकी तलाश शुरू की।

घसीटे जाने के निशान और क्षत-विक्षत शव

तलाश के दौरान ग्रामीणों को जंगल के पैदल मार्ग पर खून के धब्बे और झाड़ियों में घसीटे जाने के निशान दिखाई दिए। जब ग्रामीण उन निशानों का पीछा करते हुए घने जंगल के भीतर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई। बाघ ने खीम सिंह को मार डाला था और उनके शव को बुरी तरह से खा लिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव इतना क्षत-विक्षत था कि केवल सिर और दोनों पांव ही बचे थे, बाकी का पूरा शरीर बाघ चट कर चुका था।

वन विभाग की टीम मौके पर रवाना, ग्रामीणों में भारी गुस्सा

घटना की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) गंगा शरण और डीएफओ (DFO) दीपक सिंह भारी फोर्स के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ा दी है और ग्रामीणों को अकेले जंगल न जाने की सलाह दी है। डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी, फिलहाल पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

कॉर्बेट से सटे गांवों में लगातार बढ़ रहा है खतरा

तड़म गांव कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की मोहान रेंज से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां अक्सर बाघों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को कई बार बाघ की मौजूदगी की सूचना दी गई थी, लेकिन उचित कदम न उठाने के कारण आज एक ग्रामीण को अपनी जान गंवानी पड़ी। लोगों ने मांग की है कि इस आदमखोर बाघ को जल्द से जल्द पकड़ा जाए या उसे मारने के आदेश दिए जाएं।