img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : कोई ग्लैमर नहीं, कोई महंगी कार नहीं, कोई मॉडल नहीं। बस आवाज और लिरिक्स की ताकत ने युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। गाने का नाम है 'दैट गर्ल'।

इंस्टाग्राम पर लोग इस गाने पर रील्स बना रहे हैं, और यूट्यूब पर इसे अब तक 55 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। खास बात यह है कि गाने में नजर आ रही सिंगर परमजीत कौर एक साधारण परिवार से हैं।

पंजाब के मोगा की रहने वाली परम शुरू से ही गाने की शौकीन थीं। उन्होंने धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर अपने गाने साझा करना शुरू किया। उनकी आवाज में जो दम था, उसने इंटरनेट पर उन्हें तेजी से वायरल कर दिया।

परमजीत की प्रतिभा देखकर ब्रिटेन के म्यूजिक प्रोड्यूसर मन्नी संधू ने उनसे संपर्क किया और जल्दी ही दोनों ने मिलकर गाना रिकॉर्ड किया। और आज यह सॉन्ग इंटरनेट पर धूम मचा रहा है।

19 साल की साधारण लड़की जो स्टार बनी

19 साल की परमजीत कौर पंजाब के मोगा के दुनके गांव की रहने वाली हैं। उनका परिवार साधारण है—पिता मजदूरी करते हैं और मां घरों में सफाई का काम करती हैं।

परम ने गाने का शौक दसवीं क्लास से ही विकसित किया। उन्होंने म्यूजिक विषय में पढ़ाई पूरी की और कॉलेज में दोस्तों के साथ फ्री स्टाइल रैप किया। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही पसंद किए जाने लगे और धीरे-धीरे परम इंटरनेट पर फेमस हो गईं।

'दैट गर्ल' कैसे रिकॉर्ड हुआ

जब म्यूजिक प्रोड्यूसर मन्नी संधू भारत आए, तो उनकी मुलाकात परम से हुई। दैट गर्ल गाने को रिकॉर्ड करने के लिए कोई स्टूडियो नहीं था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

मोहाली में शूट: अंत में गाना मोहाली के एक छोटे कमरे में रिकॉर्ड किया गया। बाहर से ट्रैफिक और हॉर्न की आवाजें आ रही थीं, लेकिन उन्होंने केवल लैपटॉप और माइक का इस्तेमाल करके महज 10 मिनट में गाना रिकॉर्ड किया।

आज परम की आवाज और लिरिक्स के दम पर उन्हें लेडी सिद्धू मूसेवाला कहा जाने लगा है। परम सिर्फ एक स्टार नहीं बनीं, बल्कि लाखों उभरते सिंगरों के लिए प्रेरणा भी बन गई हैं।