img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट–3 योजना के तहत अरवल जिले के ग्रामीण इलाकों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिले की 103 ग्रामीण सड़कों को दो लेन में बदला जाएगा, जिससे न सिर्फ सफर आसान होगा बल्कि गांवों की रफ्तार भी तेज होगी। इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग ने सर्वे का काम शुरू कर दिया है।

प्रखंडवार होगा सर्वे

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अरवल प्रखंड में 17, वंशी में 15, कुर्था में 21, कलेर में 24 और करपी में 26 ग्रामीण सड़कों का सर्वे किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार होगी।

आवागमन होगा आसान, विकास को मिलेगी रफ्तार

ग्रामीण सड़कों के दो लेन होने से संकरी सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। गांवों का संपर्क शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों से मजबूत होगा, जिससे व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में सुविधा होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी।

सुरक्षा और गुणवत्ता पर रहेगा जोर

मौजूदा सड़कों की चौड़ाई बढ़ाकर 5.5 मीटर की जाएगी। साथ ही बारिश के दौरान सड़कें खराब न हों, इसके लिए बेहतर जल निकासी (नाली निर्माण) की व्यवस्था की जाएगी। भारी वाहनों जैसे ट्रक और ट्रैक्टर के दबाव को सहने के लिए सड़कों की मोटाई और गुणवत्ता में भी सुधार किया जाएगा, ताकि बार-बार मरम्मत की जरूरत न पड़े।

क्या कहते हैं अधिकारी

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि जिले की 103 ग्रामीण सड़कों की सूची विभाग को मिली है। फिलहाल सर्वे का काम चल रहा है और रिपोर्ट सौंपने के बाद सड़कों को टू लेन बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।