img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : कश्मीर से लेकर केरल तक मानसून पूरे शबाब पर है। उत्तरकाशी में पहाड़ों से गिरती चट्टानें जिंदगी की रफ्तार थाम रही हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है तो दिल्ली एनसीआर में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। यूपी, ओडिशा, झारखंड से लेकर केरल तक बारिश के चलते नदियां और नहरें उफान पर हैं।

देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक मानसून के असर की कई तस्वीरें सामने आ रही हैं। पिछले एक हफ्ते से लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन की कई जानलेवा घटनाएं सामने आई हैं। पिछले एक हफ्ते से हो रही भारी बारिश के कारण उत्तराखंड की नदियां उफान पर हैं। इसलिए मौसम विभाग ने आज भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। उत्तराखंड, हिमाचल के साथ ही मध्य प्रदेश-राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र, गुजरात में अगले 6 दिनों तक बारिश का अनुमान है। ओडिशा और झारखंड में आज भी बारिश की चेतावनी है, जबकि दिल्ली एनसीआर में आज भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।

चारधाम यात्रा स्थगित, नदियों और नहरों में बाढ़

भारी बारिश और खराब मौसम के चलते उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए स्थगित कर दी गई है। भारी बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद रियासी में सलाल डैम के गेट खोल दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी है और दिल्ली एनसीआर में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड से लेकर केरल तक बारिश के चलते नदियां और नहरें उफान पर हैं।

मानसून पहाड़ों पर पहुंचा

पहाड़ों पर लगातार हो रही चट्टानों के गिरने के कारण सरकार ने पहले उत्तराखंड की चारधाम यात्रा को 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया था। फिर पिथौरागढ़ जिले के धारचूला से आदि कैलाश जाने वाले मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ, जिसके कारण आदि कैलाश यात्रा मार्ग भी बंद कर दिया गया है। गंगा नदी का जलस्तर हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ने के बाद अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी इलाकों में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में आज भारी बारिश और आंधी का अनुमान है।