Prabhat Vaibhav,Digital Desk : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया। वह मुंबई से चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे। लैंडिंग के दौरान रनवे पर उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। इस हादसे की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश समेत देश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
विमान हादसे में गई पांच जिंदगियां
बताया गया है कि विमान लैंडिंग की प्रक्रिया में था, तभी तकनीकी कारणों से रनवे पर हादसा हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विमान में सवार किसी को भी बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं।
सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अजित पवार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित अन्य लोगों का निधन अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई और ईश्वर से उन्हें संबल देने की प्रार्थना की।
अखिलेश यादव ने कहा— अत्यंत दुखद घटना
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों के लिए शक्ति की कामना की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की प्रतिक्रिया
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार और अन्य लोगों के निधन की खबर से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने इसे हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
केशव प्रसाद मौर्य ने जताया गहरा दुख
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस दुर्घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन का समाचार मन को व्यथित करने वाला है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की सद्गति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की।
कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि बारामती में हुई विमान दुर्घटना में अजित पवार समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और परिवारजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना की।




