img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : वीआईपी रोड पर हुए चर्चित लैंबार्गिनी हादसे में अब एक नया मोड़ आ गया है। घटना के करीब दो दिन बाद यातायात पुलिस ने इस मामले से जुड़ा नया सीसीटीवी फुटेज जारी किया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दुर्घटना के तुरंत बाद एक काली SUV से बाउंसर चलती गाड़ी से कूदते हुए बाहर निकलते हैं और क्षतिग्रस्त लैंबार्गिनी की ओर दौड़ लगाते हैं।

हादसे के बाद सक्रिय दिखे बाउंसर
जारी किए गए सीसीटीवी फुटेज में नजर आता है कि सड़क किनारे एक काली SUV रुकती है, लेकिन पूरी तरह रुकने से पहले ही उसके दरवाजे खुल जाते हैं। इसके बाद कम से कम पांच बाउंसर तेजी से बाहर निकलते हैं और लैंबार्गिनी की ओर दौड़ते हुए दिखाई देते हैं। इसी दौरान दूसरे वीडियो में बाउंसर लग्जरी कार से शिवम मिश्रा को बाहर निकालते हुए नजर आ रहे हैं।

रविवार दोपहर करीब दो बजे की है घटना
यातायात विभाग के अनुसार, यह फुटेज रविवार दोपहर करीब दो बजे का है। ग्वालटोली क्षेत्र के वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार लैंबार्गिनी ने पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भी बाउंसरों की सक्रियता की चर्चा की थी।

कौन चला रहा था लैंबार्गिनी, इस पर विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त लैंबार्गिनी में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा मौजूद था। वहीं, केके मिश्रा के वकील मृत्युंजय कुमार का दावा है कि कार शिवम नहीं बल्कि चालक मोहन चला रहा था। उनके अनुसार यह एक दुर्घटना का मामला है और शिवम के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं बनता। इसी दलील के साथ न्यायालय में अर्जी दाखिल की गई है, जिस पर सुनवाई होनी है।

बयान दर्ज कराने थाने पहुंचे केके मिश्रा
लैंबार्गिनी हादसे के मामले में मंगलवार दोपहर करीब सवा एक बजे तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा ग्वालटोली थाने पहुंचे। उन्होंने रविवार को हुए हादसे को लेकर अपना बयान दर्ज कराया। इस दौरान डीसीपी सेंट्रल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थाने में मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई।