
Prabhat Vaibhav, Digital Desk: श्रद्धालुओं के लिए श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में एक नई व्यवस्था लागू की जा रही है। अब मंदिर में अभिषेक करने के लिए पुरुषों को धोती और महिलाओं को पारंपरिक परिधान पहनना आवश्यक होगा। जींस, पैंट या स्कर्ट जैसे पाश्चात्य परिधान अब प्रतिबंधित रहेंगे। यह नियम मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और धार्मिक मर्यादाओं के पालन के उद्देश्य से बनाया गया है।
अब श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक के लिए पारंपरिक वस्त्र पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। यमुना किनारे स्थित इस प्राचीन मंदिर में हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रावण मास के दौरान यह संख्या और भी बढ़ जाती है।
मंदिर प्रशासन ने ऐलान किया है कि अब कोई भी पुरुष पैंट या जींस पहनकर अभिषेक नहीं कर सकेगा। पुरुषों को धोती पहननी होगी, साथ में वे कुर्ता या शर्ट पहन सकते हैं। वहीं महिलाएं साड़ी या सलवार सूट पहनकर ही अभिषेक कर सकेंगी। यह नियम 11 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास से लागू होगा और आगे भी जारी रहेगा।
मंदिर के पुजारियों को निर्देश दिया गया है कि वे पैंट या भड़काऊ कपड़े पहनकर आने वालों को अभिषेक की अनुमति न दें। सुरक्षा और गरिमा बनाए रखने के लिए फटी जींस, स्कर्ट, हाफ पैंट जैसे कपड़ों पर भी रोक लगा दी गई है, क्योंकि पहले छेड़छाड़ और गहनों की छीना-झपटी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
यदि किसी श्रद्धालु के पास धोती नहीं होगी, तो मंदिर प्रशासन मुफ्त में धोती उपलब्ध कराएगा, जिसे पूजा के बाद लौटा देना होगा।
मंदिर के महंत श्रीधरानंद ब्रह्मचारी का कहना है कि “धार्मिक स्थलों पर वस्त्रों का विशेष महत्व होता है। धोती सनातन परंपरा का प्रतीक है और इससे आराध्य के प्रति श्रद्धा स्वतः प्रकट होती है।” यह नियम सनातन संस्कृति की गरिमा और मंदिर की पवित्रता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।