Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को पार्टी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एक बार फिर दिखाई। उन्होंने जदयू के कोष में अपने एक माह का वेतन योगदान के रूप में दिया। यह चेक उन्होंने विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता और पार्टी के कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ को एक अणे मार्ग स्थित आवास पर सौंपा।
इस अवसर पर नीतीश कुमार ने पार्टी से जुड़े मंत्रियों, सांसदों, विधानमंडल दल के सदस्यों और विभिन्न अहम जिम्मेदारियों पर कार्य कर रहे नेताओं से अपील की कि वे पार्टी की मजबूती के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि जो लोग जदयू की विचारधारा में विश्वास रखते हैं और आर्थिक रूप से सक्षम हैं, उन्हें यथासंभव सहयोग करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू कार्यकर्ताओं की पार्टी है। न्याय के साथ विकास के रास्ते पर चलते हुए पार्टी न सिर्फ लगातार जनकल्याणकारी कार्यक्रम चलाती है, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपने साथियों की मदद भी करती है। इसके लिए जरूरी है कि पार्टी का कोष मजबूत रहे और संसाधनों की कमी आड़े न आए।
उन्होंने यह भी कहा कि जदयू को अभी लंबा सफर तय करना है और जनसेवा को नए स्तर तक ले जाना है। सेवा कार्यों में कोई रुकावट न आए, इसकी जिम्मेदारी हम सभी की है।
नीतीश कुमार के इस कदम पर आभार जताते हुए ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि मुख्यमंत्री का जीवन जनसेवा की मिसाल है। वे मुख्यमंत्री के रूप में पूरे बिहार की चिंता करते हैं और उसी संवेदनशीलता के साथ पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं का भी ध्यान रखते हैं। उनका पूरा जीवन लोककल्याण को समर्पित रहा है और सभी कार्यकर्ताओं को उनके मार्ग पर चलकर पार्टी को और मजबूत करना चाहिए।




