Prabhat Vaibhav,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर डेरा सचखंड बल्लां का दौरा किया। आदमपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत पंजाब सरकार की ओर से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और बागवानी, रक्षा सेवा कल्याण एवं स्वतंत्रता सेनानी कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने किया।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले एयरपोर्ट पर हल्की बरसात हुई, जो उनके आने तक थम गई। एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा डेरा सचखंड बल्लां रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट का नाम ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट, आदमपुर’ रखने की रस्म पूरी की।
हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नया टर्मिनल
प्रधानमंत्री ने लुधियाना स्थित हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।
उन्होंने अपने संबोधन में दोनों उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब के हवाई संपर्क और धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन दोनों ही क्षेत्रों में यह महत्वपूर्ण कदम है।
धार्मिक भावनाओं और सामाजिक संदेश
डेरा सचखंड बल्लां में संगत को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने गुरु रविदास जी के विचारों और उनके जीवन की शिक्षाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जयंती जैसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और धार्मिक शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है।




