img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का नेतृत्व किया। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के माध्यम से भारत की आतंकवाद के खिलाफ मजबूत प्रतिबद्धता और निर्णायक कार्रवाई का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नया भारत आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने में सक्षम है।

सीएम धामी ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल भारतीय जवानों की बहादुरी को दर्शाया, बल्कि आतंकवाद और उसके समर्थकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अब किसी भी आतंकी चुनौती का करारा जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। हमारी सीमाओं की सुरक्षा अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक से मजबूत हुई है।"

तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा शहर के मिनी स्टेडियम से शुरू होकर शहीद पार्क तक लगभग दो किलोमीटर चली। इस यात्रा में छात्र-छात्राएं, पूर्व सैनिक, व्यापारी, भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान सभी के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था और माहौल देशभक्ति के गीतों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।

शहीद पार्क पर सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड की वीरभूमि की प्रशंसा की और युवाओं से आह्वान किया कि वे सेना के अनुशासन और शौर्य से प्रेरणा लें। उन्होंने घोषणा की कि ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक विजय को याद करने के लिए अब हर वर्ष तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या, जिला पंचायत प्रशासक बेला तोलिया, मेयर गजराज बिष्ट, मेयर रुद्रपुर विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्या, रेनू अधिकारी, दीपक मेहरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।