
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : केरल के तटीय इलाकों में मानसून के दस्तक देने से पहले ही पूरे देश के मौसम में फिर बदलाव आने वाला है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से चलने वाली नम हवाएं तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रही हैं, जिसके कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, खासकर पंजाब और हरियाणा में अगले एक-दो दिनों में बारिश शुरू हो सकती है।
पंजाब में मौसम का हाल
रविवार को पंजाब में गर्मी ने जमकर कहर बरपाया। लगातार चौथे दिन बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फरीदकोट में 43.5, लुधियाना, अमृतसर और गुरदासपुर में तापमान 42 डिग्री, जालंधर में 41.1 और चंडीगढ़ में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने सोमवार से धूल भरी हवाएं चलने और 20 से 24 मई के बीच बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
हरियाणा में बारिश का अलर्ट
हरियाणा में भी मौसम बदलाव की ओर बढ़ रहा है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को राज्य का सबसे गर्म शहर रोहतक रहा, जहां तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य में 24 मई तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।