Prabhat Vaibhav,Digital Desk : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के आगामी सीजन से पहले क्रिकेट जगत में 'सौदा क्रांति' आ गई है। अभी कुछ ही समय पहले राजस्थान रॉयल्स के सबसे महंगी टीम बनने की खबरें सुर्खियों में थीं, लेकिन अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। दिग्गज उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला के नेतृत्व वाले आदित्य बिड़ला ग्रुप ने आरसीबी को 1.8 अरब डॉलर (लगभग 16,896 करोड़ रुपये) के ऐतिहासिक सौदे में खरीद लिया है। इस महासौदे के साथ ही आरसीबी आईपीएल के 18 साल के इतिहास की सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी बन गई है।
आदित्य बिड़ला ग्रुप के साथ दिग्गज अमेरिकी निवेशक भी शामिल
इस रिकॉर्ड-तोड़ सौदे में आदित्य बिड़ला ग्रुप अकेला नहीं है। उनके साथ वैश्विक खेल जगत के बड़े नाम भी जुड़े हैं। खबरों के मुताबिक, इस कंसोर्टियम में मशहूर अमेरिकी खेल निवेशक डेविड ब्लिट्जर, ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म 'ब्लैकस्टोन' और भारत का प्रतिष्ठित मीडिया हाउस 'टाइम्स ऑफ इंडिया' शामिल हैं। कल सोमानी के राजस्थान रॉयल्स सौदे (1.63 अरब डॉलर) को पीछे छोड़ते हुए बिड़ला ग्रुप ने आईपीएल की मार्केट वैल्यू को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
18 सालों में 16 गुना बढ़ी आरसीबी की कीमत
आरसीबी का यह सफर किसी सुनहरी दास्तां से कम नहीं है। साल 2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई थी, तब इस टीम को महज 111.6 मिलियन डॉलर (तब के 446 करोड़ रुपये) में खरीदा गया था। आज 18 साल बाद इसकी कीमत में 16 गुना का भारी इजाफा हुआ है। अब तक इस टीम की कमान दिग्गज शराब कंपनी 'डियाजियो' (यूनाइटेड स्पिरिट्स) के पास थी, लेकिन अब बिड़ला ग्रुप इस विरासत को आगे बढ़ाएगा।
'1 बिलियन डॉलर क्लब' में शामिल होने वाली दूसरी टीम
आईपीएल के इतिहास में अब केवल दो ही ऐसी टीमें हैं जिन्होंने 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार किया है—राजस्थान रॉयल्स और अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु। इससे पहले 2022 में संजीव गोयनका ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जो उस समय का रिकॉर्ड था। आदित्य बिड़ला ग्रुप पहले राजस्थान रॉयल्स की रेस में भी शामिल था, लेकिन अंततः उन्होंने गत चैंपियन आरसीबी पर दांव लगाकर बाजी जीत ली।
2026 सीजन के बाद पूरी तरह बदलेगा प्रबंधन
आदित्य बिड़ला ग्रुप भले ही पहली बार किसी खेल टीम के मालिक बने हैं, लेकिन उनके पार्टनर डेविड ब्लिट्जर एनबीए (NBA), एनएचएल (NHL) और इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) जैसी ग्लोबल लीग्स में बड़ी टीमें चलाने का लंबा अनुभव रखते हैं। माना जा रहा है कि आईपीएल 2026 सीजन के समापन के बाद यह नया स्वामित्व समूह टीम का पूर्ण प्रशासनिक कार्यभार संभाल लेगा। 28 मार्च से शुरू हो रहे 19वें सीजन में आरसीबी अपने खिताब (2025 की चैंपियन) की रक्षा करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।




