
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : शनिवार सुबह से ही आसमान पर बादलों ने डेरा डाल लिया, लेकिन शहर को बारिश का इंतजार अब भी है। शुक्रवार को सिविल लाइंस इलाके में हल्की बूंदाबांदी ने मौसम के बदलने के संकेत जरूर दिए थे। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
शनिवार को आसमान में छाए बादलों का असर दिन के तापमान पर साफ दिखाई दिया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो गुरुवार की तुलना में लगभग एक डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 0.8 डिग्री ज्यादा है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय का कहना है कि तापमान में गिरावट की वजह बादलों की मौजूदगी है। फिलहाल हल्की बूंदाबांदी हुई है, लेकिन अभी तेज बारिश का इंतजार है। शुक्रवार देर रात और शनिवार को बारिश होने की संभावना है। चकेरी एयरफोर्स स्टेशन पर अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
शहर में नमी बनी, बादलों का इंतजार
इस समय शहर के मौसम में नमी मौजूद है, लेकिन बारिश लाने वाले बादल कम दिखाई दे रहे हैं। दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर है। मौसम बदलने के लिए बारिश वाले बादलों का इंतजार किया जा रहा है, जो शनिवार देर शाम तक पहुंच सकते हैं।
मौसमी बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मानसूनी बादलों की श्रृंखला राजस्थान के श्रीगंगानगर से मध्यप्रदेश के शिवपुरी और दमोह होते हुए कलिंगपट्टनम से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इससे कानपुर मंडल में मौसम बदलने और अगले दो-तीन दिनों में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।