Prabhat Vaibhav, Digital Desk : पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। कूच बिहार के माथाभांगा और जलपाईगुड़ी के धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने ममता बनर्जी सरकार पर तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने वादा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही यूपी की तर्ज पर अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लव जिहाद और लैंड जिहाद पर प्रहार
धूपगुड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार ने लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कानून बनाए हैं। उन्होंने बंगाल की जनता को भरोसा दिलाया, "जैसे यूपी में अपराधी और जिहादी तत्व ठंडे किए गए हैं, वैसे ही बंगाल में भी लव जिहाद और लैंड जिहाद पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।"
'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' और विपक्ष पर हमला
सीएम योगी ने महिला आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर लोकसभा में हुए हालिया घटनाक्रम पर टीएमसी, कांग्रेस और सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "विपक्षी दलों ने संसद में आधी आबादी को उनके हक से वंचित रखने का षड्यंत्र किया है। यह केवल एक विधेयक का गिरना नहीं, बल्कि बंगाल और देश की नारी शक्ति का अपमान है।"
यूपी मॉडल का उदाहरण: 'नो कर्फ्यू, नो दंगा'
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 से पहले यूपी में अराजकता थी और धार्मिक आयोजनों पर दंगे होते थे। लेकिन आज यूपी में "नो कर्फ्यू, नो दंगा" की स्थिति है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पहले कुछ इलाकों में जुमे की नमाज के नाम पर सड़कें जाम कर दी जाती थीं, लेकिन अब वहां सब 'चंगा' है और लोग बेखौफ होकर त्यौहार मना रहे हैं।
ममता दीदी पर तुष्टीकरण के आरोप
ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीदी ने बंगाल के उद्योग-धंधों को बंद कर दिया है और बाहरी लोगों को शरण देकर राज्य की जनसांख्यिकी से खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल, जो कभी देश का 'ग्रोथ इंजन' और संस्कृति की राजधानी था, आज भ्रष्टाचार और पहचान के संकट से जूझ रहा है।




