Prabhat Vaibhav,Digital Desk : लुधियाना का हवाई सफर का सपना आखिरकार साकार हो गया। छह साल की लंबी तैयारी और इंतजार के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को हलवारा एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया।
इसके साथ ही साफ हो गया कि मार्च से लुधियाना–दिल्ली के बीच नियमित फ्लाइट सेवा शुरू हो जाएगी। यानी अब एक घंटे 20 मिनट में लुधियाना से दिल्ली का सफर संभव होगा।
उद्घाटन समारोह में मौजूद वरिष्ठ अधिकारी
उद्घाटन के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू एयरचार्टर फ्लाइट से हलवारा एयरपोर्ट पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही एयरफोर्स स्टेशन पर मौजूद थे।
साहनेवाल एयरपोर्ट की जमीन और हलवारा का विकास
समारोह में यह भी बताया गया कि साहनेवाल एयरपोर्ट की जमीन बेची जाएगी और उससे प्राप्त राशि हलवारा एयरपोर्ट के दूसरे चरण के विकास में निवेश की जाएगी।
इसके अलावा लुधियाना–बठिंडा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए अलग मार्ग भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सेना का योगदान और शहीद सराभा का सम्मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हलवारा पहले केवल एयरफोर्स स्टेशन था, लेकिन इसे नागरिक एयरपोर्ट बनाने में सेना ने अहम योगदान दिया।
उन्होंने एयरपोर्ट का नाम बलिदानी करतार सिंह सराभा एयरपोर्ट रखने का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी इस नामकरण का समर्थन किया।
कार्गो सेवा से उद्योगों को फायदा
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने कहा कि एयरफोर्स स्टेशनों के रनवे का नागरिक उड़ानों के लिए उपयोग प्रधानमंत्री मोदी का विजन है।
हलवारा एयरपोर्ट से कार्गो सेवा शुरू होने से लुधियाना के उद्योगों को देश-विदेश में माल भेजने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
राजनीतिक माहौल: कई दिग्गज, कांग्रेस नदारद
समारोह में पंजाब कैबिनेट मंत्री हरदीप मुंडिया, विधायक मदन लाल बग्गा, अशोक पराशर पप्पी, रायकोट विधायक हाकम सिंह ठेकेदार, मेयर इंदरजीत कौर और भाजपा जिला प्रधान रजनीश धीमान सहित कई दिग्गज नेता मौजूद थे।
हालांकि, लुधियाना से कांग्रेस सांसद राजा वड़िंग और अमर सिंह समारोह में नहीं पहुंचे, जिसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों में बनी रही।




