Prabhat Vaibhav,Digital Desk : पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया, जिससे राजनीतिक गलियारे में नई अटकलें शुरू हो गई हैं। कांग्रेस नेतृत्व की बैठक से उन्हें बाहर रखने और पत्नी नवजोत कौर की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात को जोड़कर सियासी विश्लेषक भाजपा में वापसी की संभावना पर चर्चा कर रहे हैं।
वीडियो में क्या कहा सिद्धू ने
नवजोत सिंह सिद्धू वीडियो में बगीचे में चाय का कप थामे बैठे नजर आए। उन्होंने कहा: "गुरु, जिंदगी से थोड़ी वफा कीजिए, जो नहीं मिला उसे दफा कीजिए, हर कोई नहीं है आपके काबिल, अकेले बैठकर चाय का मजा लीजिए।" इस संदेश को उनकी कांग्रेस से नाराजगी और आगामी चुनावों के सियासी इशारों के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस बैठक में शामिल नहीं किए गए
दो दिन पहले दिल्ली में हुई पंजाब कांग्रेस नेताओं की बैठक में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद नवजोत सिंह सिद्धू को आमंत्रित नहीं किया गया। इस कदम के बाद उनकी नाराजगी की चर्चा और बढ़ गई है।
पत्नी की गडकरी से मुलाकात
सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी और इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी। इससे भी भाजपा में वापसी की अटकलों को हवा मिली है।
पंजाब चुनाव 2027 की तैयारी
सिद्धू का यह वीडियो संदेश पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत राजनीतिक संकेतों के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि आगामी चुनावों से पहले उनके कदम से कांग्रेस और भाजपा दोनों को रणनीतिक फैसले लेने पर मजबूर होना पड़ सकता है।




