सनी देओल के फैंस के लिए ट्रिपल खुशखबरी! बड़े पर्दे पर फिर दहाड़ेंगे तारा सिंह, री-रिलीज होंगी ये 3 आइकॉनिक ब्लॉकबस्टर फिल्में
बॉलीवुड में इन दिनों पुरानी और ब्लॉकबस्टर फिल्मों को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का ट्रेंड काफी पॉपुलर हो रहा है। इसी बीच 90 के दशक के सबसे बड़े एक्शन स्टार सनी देओल के फैंस के लिए एक नहीं, दो नहीं, बल्कि एक साथ तीन बड़ी खुशखबरी सामने आई हैं। बड़े पर्दे पर सनी देओल की दहाड़ और उनके आइकॉनिक डायलॉग्स को एक बार फिर से जीने के लिए तैयार हो जाइए। थिएटर चैनल्स ने सनी देओल और दिग्गज डायरेक्टर राजकुमार संतोषी की जोड़ी वाली तीन सबसे सुपरहिट और यादगार फिल्मों को सिनेमाघरों में री-रिलीज करने का आधिकारिक एलान कर दिया है।
'बंटवारा 1947' से पहले मचेगा सिनेमाघरों में गदर
यह स्पेशल री-रिलीज दरअसल सनी देओल और राजकुमार संतोषी की आने वाली मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बंटवारा 1947' (Batwara 1947) के स्वागत की तैयारी है। सालों बाद यह सुपरहिट जोड़ी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। लेकिन उससे ठीक पहले, दर्शकों को 90 के दशक के उस सुनहरे दौर में वापस ले जाने के लिए पीवीआर आईनॉक्स (PVR INOX) ने सनी देओल की तीन सबसे बड़ी फिल्मों का स्पेशल रेट्रोस्पेक्टिव रन प्लान किया है। ये फिल्में एक-एक हफ्ते के अंतराल पर सिनेमाघरों में दिखाई जाएंगी।
तारीखें कर लें नोट, इस दिन रिलीज होगी कौन सी फिल्म
अगर आप भी सनी देओल के ढाई किलो के हाथ वाले एक्शन और दमदार ड्रामा को बड़े पर्दे पर मिस कर रहे हैं, तो इन तारीखों को अपने कैलेंडर में अभी से मार्क कर लीजिए:
-
दामिनी (Damini): इस कल्ट क्लासिक फिल्म से इस जश्न की शुरुआत 24 जुलाई से होने जा रही है। वकील गोविंद के रूप में सनी देओल का वो ऐतिहासिक 'तारीख पर तारीख' वाला सीन एक बार फिर थिएटर्स में गूंजेगा।
-
घातक (Ghatak): इसके ठीक एक हफ्ते बाद यानी 31 जुलाई को कात्या के साम्राज्य को नेस्तनाबूद करने वाले 'काशीनाथ' (सनी देओल) की फिल्म घातक दोबारा पर्दे पर लौटेगी।
-
घायल (Ghayal): इस तीन हफ्ते के महा-जश्न का समापन 7 अगस्त को फिल्म 'घायल' की री-रिलीज के साथ होगा, जिसने अपने दौर में बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
अवॉर्ड्स और बॉक्स ऑफिस पर रहा था इन फिल्मों का जलवा
सनी देओल और राजकुमार संतोषी की ये तीनों ही फिल्में न सिर्फ कमर्शियली ब्लॉकबस्टर रही थीं, बल्कि इन्होंने नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स और फिल्मफेयर में भी अपनी धाक जमाई थी। 'दामिनी' के लिए जहां सनी देओल को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला था, वहीं 'घायल' के लिए उन्हें स्पेशल जूरी नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया था। अब सालों बाद इन दोनों दिग्गजों की ऐतिहासिक तिकड़ी (दामिनी, घातक, घायल) को थिएटर के बड़े पर्दे और डॉल्बी साउंड सिस्टम पर देखना किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं होने वाला है।