
AAP निगम चुनाव के दौरान दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन को लेकर निरंतर निशाने पर रही है। आज दिल्ली नगर निगम के नतीजों में भी इसकी झलक दिखाई दे रही है। सत्येंद्र जैन की विधानसभा शकूर बस्ती से AAP तीन वार्डों में BJP से हार गई है।
दिल्ली नगर निगम के परिणामों के मुताबिक, BJP शकूर बस्ती में आने वाले सरस्वती विहार, पश्चिम विहार और रानी बाग वार्डों में जीती है। सरस्वती विहार से शिखा भारद्वाज, पश्चिम विहार से विनीत वोहरा और रानी बाग से ज्योति अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। इन तीनों सीटों पर क्रमशः AAP की उर्मिला गुप्ता 3150, शालू दुग्गल 2044 और मिथिलेश पाठक 1387 मतों से हारे हैं।
आपको बता दें कि हवाला मामले में दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन को 30 मई को अऱेस्ट किया गया था। सत्येंद्र जैन के हाल ही में तिहाड़ जेल से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए थे। इन्हें देखते हुए विपक्ष निरंतर AAP को निशाने पर ले रहा था। इन वीडियो में जैन जेल में रहकर सुविधाओं का लाभ उठाते देखे जा सकते थे।