img

उपलब्धि : मेजर राधिका सेन होगी UN सैन्य पुरस्कार से सम्मानित, गुटेरेस ने की तारीफ़

img

प्रभात वैभव डेस्क। संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) भारतीय महिला शांति रक्षक मेजर राधिका सेन को यूएन सैन्य पुरस्कार से सम्मानित करेगा। मेजर राधिका सेन कांगो में संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) मिशन में सेवा दे चुकी हैं। यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मेजर राधिका सेन की तारीफ करते हुए उन्हें एक सच्चा एवं आदर्श नेता बताया। गुटेरेस 30 मई को अंतरराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दिवस के मौके पर मेजर राधिका सेन को 2023 यूनाइटेड नेशंस मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवार्ड’ से सम्मानित करेंगे।

गौरतलब है कि मेजर राधिका सेन मूल रूप से हिमाचल प्रदेश निवासी हैं। वह भारतीय त्वरित तैनाती बटालियन की कमांडर के तौर पर मार्च 2023 से अप्रैल 2024 तक कांगो गणराज्य में तैनात थीं। बायोटेक इंजीनियर में स्नातक करने के बाद राधिका सेन आठ साल पहले भारतीय सेना में भर्ती हुई थीं। मेजर राधिका सेन से पहले यह पुरस्कार 2023 में मेजर सुमन गवानी को मिला था।

यूएन महासचिव गुटेरेस ने मेजर राधिका सेन को उनकी सेवा के लिए बधाई देते हुए कहा कि वह एक सच्ची और आदर्श नेता हैं। उनकी सेवा समग्र रूप से संयुक्त राष्ट्र के लिए एक योगदान है। इस पुरस्कार की घोषणा के बाद मेजर राधिका सेन ने कहा कि यह पुरस्कार कांगो गणराज्य के चुनौतीपूर्ण माहौल में काम कर रहे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपना उत्कृष्ट योगदान दे रहे सभी शांतिरक्षकों की कड़ी मेहनत को पहचान देता है। मेजर राधिका सेन से पहले मेजर सुमन गवानी 2019 में यूएन सैन्य पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। मेजर गवानी ने भी संयुक्त राष्ट्र के मिशन में सेवा दी थी। 

Related News