img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के दर 'कैंची धाम' जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से आए पर्यटकों की चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और धू-धू कर जलने लगी। गनीमत यह रही कि आग विकराल रूप लेती, उससे पहले ही सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।

दर्शन से पहले रास्ते में हुआ हादसा

सोमवार दोपहर दिल्ली से आए कुछ श्रद्धालु अपनी कार से बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए कैंची धाम की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी भवाली-कैंची धाम बाईपास के पास पहुंची, अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे खड़ा किया और सभी सवारियां नीचे उतर गईं। पल भर में ही पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।

दमकल ने बुझाई आग, पर राख हुई गाड़ी

सड़क पर धू-धू कर जलती कार को देखकर आसपास के राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

एक ओर जहां पुलिस हादसे में राहत कार्य में जुटी थी, वहीं दूसरी ओर चोरगलिया थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करों पर नकेल कसी। नन्धौर नदी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऊधम सिंह नगर निवासी हरदेव सिंह को 105 पाउच कच्ची शराब के साथ दबोचा। आरोपी यह शराब खनन कार्य में लगे मजदूरों को बेचने की फिराक में था। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में संदिग्धों और तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।