img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : शुक्रवार दोपहर बाद नैनीताल में मौसम ने अचानक करवट ले ली। हल्की धूप और ठंडी हवाओं के बीच शुरू हुई इस सीजन की पहली बारिश ने शहर को शीतलहर की चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों हिमालय दर्शन, नयना पीक और स्नोव्यू क्षेत्र में हिमकण गिरने से ठंड और बढ़ गई।

ऊंचाई वाले इलाकों में गिरे बर्फ के फाहे
सुबह के समय हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद पहले बूंदाबांदी शुरू हुई और फिर कुछ क्षणों के लिए हिमालय दर्शन क्षेत्र से मल्लीताल तक बर्फ के फाहे भी गिरे। हालांकि तेज हवाओं के कारण हिमकण ज्यादा देर तक टिक नहीं सके।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित
मौसम विभाग ने पहले ही शहर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। दोपहर बाद बदले मौसम ने इस पूर्वानुमान को सही साबित कर दिया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंड का असर और तेज हो गया है।

वीकेंड पर पर्यटकों को बर्फबारी की उम्मीद
वीकेंड पर नैनीताल पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों को बर्फबारी की उम्मीद है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए माना जा रहा है कि यदि बारिश का दौर जारी रहा तो ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

ठंड में और बढ़ोतरी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी से मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। कुमाऊं मंडल के मैदानी इलाकों में गुरुवार को जहां चटख धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार से मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ पारे में और गिरावट आने के आसार जताए गए हैं।