
फरीदाबाद, 26 जून। सूरजकुंड थाना क्षेत्र की कालोनी में 13 वर्षीय बच्ची को घर पर अकेला पाकर दुष्कर्म करने का आरोपित फेरी वाले को क्राइम ब्रांच बदरपुर बार्डर ने गिरफ्तार कर लिया है। बादल नाम का यह आरोपित भीम कालोनी बेरी वाला दिल्ली में अपनी मां के साथ रहता है। मूलरूप से आरोपित पानीपत का रहने वाला है। आरोपित गलियों में घूमकर गलीचे बेचने का काम करता है।

क्राइम ब्रांच प्रभारी संदीप सिंह ने सोमवार को बताया कि आरोपित 23 जून को गलीचे बेचने निकला था। रास्ते में उसे गैस चूल्हे बेचने जा रहा दूसरा फेरी वाला मिल गया,दोनों साथ चल दिए। कालोनी में पहुंचकर आरोपित बादल ने साथी को फ्लैट के नीचे इंतजार करने के लिए कहा। वह खुद ऊपर चला गया। एक फ्लैट में 13 वर्षीय किशोरी अकेली थी। आरोपित ने यह बात भांप ली। उसने किशोरी से पीने के लिए पानी मांगा।
किशोरी जैसे ही पानी लेने अंदर गई, वह उसके पीछे फ्लैट में घुस गया। अंदर उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। जब उसे वापस लौटने में काफी देर लगी तो नीचे इंतजार कर रहा उसका साथी वहां से चला गया। वारदात के बाद आरोपित भी फ्लैट से निकल गया। किशोरी की मां उसकी बहन के साथ बाहर गई हुई थी। किशोरी ने फोन करके मां को वारदात की सूचना दी। मां ने घर लौटकर मुकदमा दर्ज कराया।
डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने क्राइम ब्रांच बदरपुर बार्डर और एनआइटी को यह मामला सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी। दोनों क्राइम ब्रांचों ने मिलकर कालोनी में 600 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इससे क्राइम ब्रांच को क्लू मिला कि गलीचे बेचने वाले पुरानी दिल्ली से चलते हैं। क्राइम ब्रांच की टीम वहां पहुंची। लोगों से पूछताछ करते हुए क्राइम ब्रांच ने आरोपित को दबोच लिया। वारदात के बाद भी आरोपित को यह भय नहीं था कि उसने कुछ गलत किया है। किशोरी के फ्लैट से निकलकर आरोपित आराम से गलियों में गलीचा बेचता रहा। सीसीटीवी कैमरों में वह कई गलियों में आराम से घूमता दिखाई दिया। करीब डेढ़ घंटे तक कालोनी में घूमने के बाद वह वापस अपने घर लौटा।