
नई दिल्ली. आज देश गणतंत्र दिवस (Republic day 2022) धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी देशवासी गणतंत्र दिवस के जश्न में डूबे हुए हैं। इस खास मौके पर राजधानी दिल्ली के राजपथ पर भव्य परेड आयोजन होता है। आज राजपथ पर देश की आन-बान और शान की शानदार झलक देखने को मिलेगी। इस अवसर पर दिल्ली में सुरक्षा-व्यवस्था चुस्त की गई है। परेड वाले रूट को छावनी में तब्दील किया गया है। सुरक्षा के लिए कई जवानों को तैनात किया गया है।
जेपी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय पर फहराया तिरंगा
जेपी नड्डा ने आज पार्टी मुख्यालय में 73वें गणतंत्र दिवस (Republic day 2022) समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान नड्डा ने कहा कि मैं भारत के देशवासियों को 73वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। आज के दिन इस दिवस को मनाते हुए यह आवश्यक होता है कि उन महानायकों और वीर सपूतों को याद करें जिन्होंने अपना सर्वस्व इस देश को गणतंत्र बनाने के लिए लगाया था।
देश के जवानों को नमन- अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस (Republic day 2022) की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, ‘भारतीय गणतंत्र के गौरव, एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले सभी जवानों को नमन। आइए आज हम सभी स्वाधीनता के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने का संकल्प लें।’
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोगों को गणतंत्र दिवस (Republic day 2022) की हार्दिक शुभकामनाएं दी।