Uttarakhand News Today : द्रोणनगरी में एक साथ जले डेढ़ लाख दीये, मुख्यमंत्री बोले- यह सौभाग्य का क्षण

img

देहरादून। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देवभूमि उत्तराखंड राममय हो गई है। द्रोणनगरी देहरादून में डेढ़ लाख दीये परेड मैदान में एक साथ प्रज्वलित किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं दीप प्रज्वलित कर राम भक्ति में लीन होकर श्रीराम भजन भी गाया।

रविवार शाम परेड ग्राउंड में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में परेड ग्राउंड में 1.5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी लोगों के बीच पहुंचकर दीप जलाए और सभी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने राम भक्ति में लीन होकर श्रीराम भजन भी गाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ अवसर हम सबको देखने को मिल रहा है। सौभाग्य भरे क्षण के हम सभी साक्षी होंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में माताओं बहनों ने दीपोत्सव कार्यक्रम में आकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था दिखाई है। जन-जन के सहयोग एवं भक्ति के कारण 1.5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राम की कृपा से इस भव्य दीपोत्सव में आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर बनाए जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। आज उन्हीं के नेतृत्व में हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

कुल 38 सेक्टर बनाए गए

डेढ़ लाख दीप जलाने के कुल 38 सेक्टर बनाएं गए थे। इन सभी सेक्टरों में मातृशक्ति की ओर से दीप जलाने की व्यवस्था की गई थी। दीप को जय श्रीराम और तीर धनुष का आकार दिया गया था, जो आकर्षक का केन्द्र था। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे के साथ शहर के लोगों का सैलाब उत्साह के साथ देखते ही बन रहा था। जय श्रीराम के नारे से पूरा मैदान गूंजता रहा।

इस दौरान कार्यक्रम में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिदार्थ अग्रवाल, राजपुर विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, दर्जा धारी ज्योति गैरोला सहित बड़ी संख्या अन्य लोग मौजूद रहे।
 

Related News