img

प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने देश के वैज्ञानिकों को दी शुभकामनाएं!

img

नई दिल्ली।। पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 लॉन्च के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जहां तक भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र का सवाल है, 14 जुलाई 2023 हमेशा सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा। चंद्रयान-3, हमारा तीसरा चंद्र मिशन, अपनी यात्रा पर निकलेगा। यह उल्लेखनीय मिशन हमारे राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा। 

प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा कि चंद्रयान-3 मिशन के लिए शुभकामनाएं! मैं आप सभी से इस मिशन और अंतरिक्ष, विज्ञान और इनोवेशन में हमने जो प्रगति की है, उसके बारे में और अधिक जानने का आग्रह करता हूं। इससे आप सभी को बहुत गर्व महसूस होगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चंद्रयान-3 के लॉन्च को लेकर वैज्ञानिकों को बधाई दी है। 

उन्होंने ट्वीट किया कि आज का यह दिन, भारतीय इतिहास में एक विशेष महत्व का है। मिशन चंद्रयान-3 की लांचिंग, नये भारत की आकांक्षाओं को नया आकाश देने जा रही है। इस मिशन में हमारे देश के वैज्ञानिकों की वर्षों की मेहनत, लगन, समर्पण और प्रतिबद्धता जुड़ी हुई है। यह मिशन सफल हो, इसके लिए इसरो की पूरी टीम को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चंद्रयान-3 मिशन को लेकर वैज्ञानिकों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष की सीमाओं को आगे बढ़ाने वाला एक उल्लेखनीय मिशन है। यह मिशन हम सभी को बड़े सपने देखने और सितारों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा। 

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन है। चंद्रयान-3 मिशन के द्वारा भारत एक बार फिर चांद पर कदम रखने की कोशिश करेगा। इस मिशन से जुड़े सभी वैज्ञानिकों को और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की पूरी टीम के साथ-साथ और समस्त देशवासियों को अनंत शुभकामनाएं। उम्मीद है कि हम शीघ्र ही चांद पर भी तिरंगा फहराएंगे।

Related News