
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) में इन दिनों तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिश्ते को लेकर मचे सियासी बवंडर के बीच बड़ा फैसला लिया गया है। रालोजपा ने तेज प्रताप यादव के समर्थन में बयान देने वाले छात्र इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष आकाश यादव को पार्टी से बाहर कर दिया है।
पार्टी अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के निर्देश पर आकाश यादव को उनके पद से हटाते हुए छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। पार्टी महासचिव एल्विस जोसेफ ने गुरुवार को यह जानकारी एक पत्र के जरिए सार्वजनिक की।
पत्र में कहा गया है कि मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। आकाश यादव पर आरोप है कि उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव पर सार्वजनिक तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। साथ ही उन्होंने तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकाले जाने का विरोध भी किया था।
यह मामला उस समय गरमाया जब तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि वे 12 साल से रिश्ते में हैं। इसके बाद उनके कई वीडियो भी सामने आए।
इस पर लालू यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए तेज प्रताप को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। इतना ही नहीं, उन्हें परिवार से भी बेदखल कर दिया गया।
अब इसी विवाद में आकाश यादव का हस्तक्षेप उन्हें भारी पड़ गया है, और उन्हें भी अपनी पार्टी से हाथ धोना पड़ा।