img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : पंजाब के बठिंडा जिले में विजिलेंस ब्यूरो ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) में तैनात एएसआई मेजर सिंह और उसके निजी ड्राइवर राम सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को 1 लाख 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

घटना के अनुसार, बीती 11 मई को मानसा जिले के तीन युवकों को चिट्टे के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनसे कुछ सोने के गहने भी बरामद किए, जिन्हें पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज न करते हुए एएसआई मेजर सिंह ने अपने पास रख लिया था। इसके बाद आरोपित एएसआई ने युवकों के परिजनों से संपर्क कर गहने लौटाने के लिए 2 लाख रुपये रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 1 लाख 5 हजार रुपये में तय हुआ।

पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद डीएसपी कुलवंत सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने तलवंडी साबो में एक जाल बिछाया। शिकायतकर्ता अजैब सिंह ने आरोपित ड्राइवर राम सिंह को रिश्वत के पैसे दिए, इसी दौरान टीम ने उसे पकड़ लिया। तत्काल बाद ही विजिलेंस टीम ने एएसआई मेजर सिंह को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि एएसआई के निजी ड्राइवर राम सिंह के साथ संबंधों की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपित एएसआई से पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि उसने और क्या-क्या सामान अपने पास रखा हुआ है। दोनों आरोपितों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन बठिंडा में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है।