Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राजधानी में स्थित डा. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का दौरा किया और वहां उपलब्ध सभी सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साइंस सिटी विज्ञान और प्रौद्योगिकी को समझने का एक अनूठा केंद्र है।
हर आयु वर्ग को आकर्षित कर रहा केंद्र
नीतीश कुमार ने बताया कि साइंस सिटी को विशेष दृष्टिकोण के साथ तैयार किया गया है। यह केंद्र युवा वर्ग में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बनाया गया है। यहां आने वाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियां और सिद्धांत आसानी से समझने में मदद मिलती है, जिससे उनकी रुचि और बढ़ती है।
मुख्यमंत्री ने 21 एकड़ के भूखंड पर बने साइंस सिटी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे परिसर, विभिन्न गैलरी और वैज्ञानिक प्रदर्शनों का बारीकी से अवलोकन किया।
सुविधाओं की जानकारी दी गई
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस साइंस सिटी में पांच विज्ञान आधारित गैलरी, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्श, आडिटोरियम, 4डी थियेटर और छात्रों व शिक्षकों के लिए डॉर्मेट्री जैसी सुविधाएं हैं।
साइंस सिटी में आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव दीपक कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।




