
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : महिला वनडे विश्व कप के करो या मरो वाले मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 340 रन बनाए। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत ने 48 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 329 रन बनाए। तभी बारिश शुरू हो गई और दोनों पारियों में एक-एक ओवर कम कर दिया गया।
भारत की पारी 340 रनों पर समाप्त हुई। डकवर्थ लुईस नियम के तहत, न्यूज़ीलैंड को 49 ओवर में 343 रनों का लक्ष्य मिला। भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 109 और प्रतीका रावल ने 122 रन बनाए। दोनों ने 212 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। यह इस टूर्नामेंट में पहली बार किसी भारतीय खिलाड़ी का शतक था। जेमिमा रोड्रिग्स ने 76 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड के लिए अमेलिया केर, रोज़मेरी मेयर और सूज़ी बेट्स ने एक-एक विकेट लिया।
प्रतीका ने बनाया सबसे तेज़ 1,000 रन बनाने का रिकॉर्ड
प्रतीका रावल ने 23 पारियों में वनडे में 1,000 रन पूरे किए। उन्होंने महिला वनडे में सबसे तेज़ 1,000 रन बनाने के रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया की लिंडसे रीलर की बराबरी कर ली।
मंधाना ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना एक कैलेंडर वर्ष में वनडे फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाली बल्लेबाज़ बन गई हैं। उन्होंने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चल रहे मैच में चार छक्के लगाए। मंधाना ने इस साल अब तक कुल 29 छक्के लगाए हैं और लिजेल ली का आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। लिजेल ने 2017 में कुल 28 छक्के लगाए थे। यह मंधाना का इस साल का पाँचवाँ शतक है।
स्मृति के नाम पहले ही एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज़्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। मंधाना ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ अहम मैच में धीमी शुरुआत की, लेकिन एक बार जमने के बाद उन्होंने कीवी गेंदबाज़ी आक्रमण का डटकर सामना किया।