Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मध्य पूर्व (Middle East) में बारूद की गंध के बीच ईरान ने दुनिया को कड़ा संदेश भेज दिया है। ईरान के सर्वोच्च नेता के विशेष प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल माजिद हकीम इलाही ने एक विस्फोटक साक्षात्कार में साफ कर दिया है कि उनका देश किसी भी कीमत पर अमेरिका या इजरायल के सामने घुटने नहीं टेकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए एक दशक लंबे युद्ध के लिए भी मानसिक और सैन्य रूप से तैयार है।
परमाणु हथियार पर बड़ा बयान: 'विनाशकारी हथियार बनाना इस्लाम में पाप'
अक्सर चर्चा में रहने वाले ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर डॉ. इलाही ने दो टूक सफाई दी। उन्होंने परमाणु हथियार बनाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, "इस्लाम में विनाशकारी हथियार बनाना और उनका इस्तेमाल करना पाप है। हमारे सर्वोच्च नेता ने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान कभी भी ऐसा अनुचित कार्य नहीं करेगा।" उन्होंने इसे दुश्मनों द्वारा फैलाया गया प्रोपेगेंडा करार दिया।
अली खामेनेई की शहादत का खुलासा: 'बंकर में जाने से किया था इनकार'
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या पर चौंकाने वाला खुलासा करते हुए प्रतिनिधि ने बताया कि हमले की आशंका पहले से थी। सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें भूमिगत बंकर में ले जाने की तैयारी कर ली थी, लेकिन खामेनेई ने अपने लोगों को अकेला छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने से इनकार कर दिया था। नए नेता की नियुक्ति में देरी पर उन्होंने कहा कि 88 सदस्यों की समिति युद्ध के कारण एक स्थान पर नहीं जुट पा रही है, इसलिए यह प्रक्रिया रुकी हुई है।
ट्रंप पर तंज: "वे किसी शहर के मेयर बनने के लायक, राजनीति उनके बस की नहीं"
इजरायली हमलों में 170 स्कूली बच्चों की मौत और तेल रिफाइनरियों की तबाही पर आक्रोश जताते हुए डॉ. इलाही ने डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा व्यंग्य किया। ट्रंप के 'ईरान में मनपसंद नेता' वाले बयान पर उन्होंने कहा, "यह सुनकर तो ईरान का बच्चा भी हंसेगा। ट्रंप को वैश्विक राजनीति छोड़कर अमेरिका के किसी छोटे शहर का मेयर बन जाना चाहिए।" उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पड़ोसी देशों ने अपनी जमीन का इस्तेमाल ईरान पर हमले के लिए अमेरिका को करने दिया, तो उन देशों को भी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
भारत से अपील: 'ट्रंप पर दबाव डालें, वरना बढ़ेंगी तेल की कीमतें'
भारत के साथ संबंधों पर बात करते हुए डॉ. इलाही ने स्पष्ट किया कि ईरानी जहाज पर हुए हमले को लेकर उन्होंने भारत की आलोचना नहीं की है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार युद्ध रोकने के लिए ट्रंप पर दबाव बनाएगी। उन्होंने आगाह किया, "इस युद्ध के कारण भारत में ईंधन और तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जो आम जनता के लिए ठीक नहीं है।" > होर्मुज जलडमरूमध्य पर चेतावनी: "फिलहाल समुद्री मार्ग खुला है, लेकिन अगर ईरान ने इसे बंद करने का फैसला किया, तो यह पूरी दुनिया के लिए हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।" - डॉ. अब्दुल माजिद हकीम इलाही




