img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : लुधियाना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार अब आम आदमी पार्टी की दिल्ली लीडरशिप की कठपुतली बनकर रह गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान सिर्फ टीवी पर नजर आते हैं, जबकि जमीन पर उनका कहीं कोई अता-पता नहीं है। ऐसा लगता है जैसे उन्हें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने या तो नजरबंद कर दिया है या फिर जनता के सामने आने से रोक दिया गया है।

बिट्टू लुधियाना पश्चिम में होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता के समर्थन में बोल रहे थे। उनके साथ डेरा बाबा नानक से वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सोनी भी मौजूद थे।

पत्रकारों से बातचीत में बिट्टू ने कहा कि मान सरकार ने युवाओं को रोजगार, किसानों के लिए स्कीमें, भ्रष्टाचार मुक्त शासन, नशा मुक्ति और महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह देने जैसे वादे किए थे, लेकिन आज तक एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। बिजली माफी के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। नशे की समस्या और बढ़ गई है, और पंजाब को नशा मुक्त करने की बजाय और गहरे दलदल में धकेला गया है।

उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी को जनता ने खारिज कर दिया, तब केजरीवाल और उनकी टीम ने पंजाब का रुख किया। आज हालत यह है कि पंजाब में सरकार भले भगवंत मान के नाम पर चल रही हो, असली कंट्रोल केजरीवाल के हाथ में है।

भाजपा नेता विजय कुमार सोनी ने भी मान सरकार की विफलताओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है और बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि अब पंजाब में भाजपा ही एकमात्र विकल्प है, जो प्रदेश को न सिर्फ भ्रष्टाचार से मुक्ति दिला सकती है, बल्कि विकास के रास्ते पर भी ले जा सकती है।

सोनी ने उम्मीद जताई कि जिस तरह दिल्ली के लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया, उसी तरह अब लुधियाना के लोग 19 जून को और पंजाब की जनता 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनना लगभग तय है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी छोड़ चुके कार्यकर्ता और नेता भी उपस्थित थे।