Prabhat Vaibhav,Digital Desk : बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना का लाभ लेने के लिए छात्रों को एक और मौका दिया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पात्र छात्र-छात्राएं 15 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने की कोई संभावना नहीं है।
इस योजना के अंतर्गत मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए मेधा सॉफ्ट पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। विभागीय समीक्षा में सामने आया है कि बड़ी संख्या में पात्र लाभुकों ने अब तक पोर्टल पर लॉगिन कर पंजीकरण नहीं कराया है।
इसी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने ऐसे सभी पात्र विद्यार्थियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें। यदि 15 फरवरी तक आवेदन नहीं किया गया, तो यह माना जाएगा कि संबंधित छात्र योजना का लाभ नहीं लेना चाहते।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के माध्यम से विभिन्न प्रोत्साहन और मेधावृत्ति योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जाती है। अलग-अलग वर्ग और परीक्षाओं के अनुसार सरकार द्वारा सहायता राशि तय की गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई में मदद मिल सके।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम अवसर है, इसलिए पात्र छात्र-छात्राएं समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।




