Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को 24वें बंड विकास औद्योगिक, पर्यटन, किसान एवं सांस्कृतिक मेला-2025 में भाग लेने के लिए हेलीकॉप्टर से सेमलडाला मैदान, पीपलकोटी पहुंचे। हेलीपैड पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बंड विकास समिति के सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने मेले को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों, लोक संस्कृति और पारंपरिक हुनर को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले सभी स्मृति-चिह्न अब स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर न्याय पंचायत स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने आम लोगों से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की अपील की और मेले से जुड़े व्यापारियों, किसानों और स्थानीय नागरिकों का आभार जताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल, वोकल फॉर लोकल और मेड इन इंडिया अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
पर्यटन, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में केदारनाथ और बदरीविशाल मास्टर प्लान, रोपवे निर्माण और रेल परियोजनाओं के जरिए पर्यटन को नई दिशा दी जा रही है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन और होमस्टे योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में 800 से अधिक होमस्टे संचालित हो रहे हैं और उत्तराखंड अब वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी तेजी से पहचान बना रहा है।
अतिक्रमण मुक्त भूमि और सख्त भू-कानून का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और राज्य में सख्त भू-कानून लागू किया गया है।
ये अहम घोषणाएं भी की गईं
मुख्यमंत्री ने सेमलडाला खेल मैदान के विस्तार, नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर पेयजल व अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास, ग्वालदम-तपोवन लॉर्ड कर्जन मार्ग का नाम बदलकर नंदा-सुनंदा मार्ग रखने, राजराजेश्वरी मंदिर कुरुड़ के सौंदर्यीकरण और अनसूया देवी मंदिर मंडल में यात्री विश्राम गृह निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद
इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, नगर पालिका अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी, मेला समिति अध्यक्ष देवेंद्र नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




