
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : देश भर में बारिश का कहर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राजस्थान, कर्नाटक, केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक के तटीय इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
देश के कई राज्यों में कई जगहों पर बाढ़ के हालात हैं। पहाड़ों पर भूस्खलन हो रहा है। बीती रात दिल्ली में भी भारी बारिश हुई। यूपी और बिहार में भी भारी बारिश हो रही है और कई शहरों में पानी भर गया है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। प्रयागराज और वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है और निचले इलाकों में पानी भरने लगा है, तो बिहार के कई शहर ऐसे हैं जहाँ बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हैं।
हिमाचल प्रदेश में अचानक बाढ़ आने की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को हिमाचल में भारी बारिश हुई। इसके चलते सिरमौर में NH707 पर भूस्खलन हुआ। मौसम विभाग ने हिमाचल के 9 जिलों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है। 20 जून से अब तक राज्य को 1220 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। NH समेत 170 सड़कें बंद हैं।
केरल में भारी बारिश के कारण रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज यानी 18 जुलाई को केरल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। केरल में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी ने आज कन्नूर, वायनाड और कासरगोड ज़िलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इडुक्की, मलप्पुरम और कोझिकोड ज़िलों में ऑरेंज अलर्ट है। स्थिति को देखते हुए, कन्नूर, वायनाड और कासरगोड के सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे।
अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है
जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश जारी है। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार को अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हो गया। गंदेरबल में बालटाल मार्ग पर भूस्खलन में एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। इसके बाद यात्रा पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
बिहार में बिजली गिरने से 19 लोगों की मौत
बिहार में पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज़्यादा नालंदा में 5 लोगों की मौत हुई है। वैशाली में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। बांका और पटना में 2-2 लोगों की मौत हुई। यूपी के चित्रकूट में भारी बारिश के चलते पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।