img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणामों में जम्मू-कश्मीर के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शुक्रवार को जारी अंतिम चयन सूची में केंद्र शासित प्रदेश (UT) के कुल 17 अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। जम्मू के सुवन शर्मा (Suvan Sharma) ने अखिल भारतीय स्तर पर 148वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 2022 के बाद यह दूसरा मौका है जब इतनी बड़ी संख्या में जम्मू-कश्मीर के छात्र एक साथ अधिकारी बनने जा रहे हैं।

जम्मू से लेकर पुलवामा तक जश्न, सुवन शर्मा ने किया टॉप

परिणाम घोषित होते ही सफल उम्मीदवारों के घरों में जश्न का माहौल है। जम्मू के सुवन शर्मा 148वीं रैंक के साथ प्रदेश के टॉपर बने हैं, वहीं सुगंधा गुप्ता ने 207वीं रैंक हासिल कर अपनी मेधा का परिचय दिया है। कश्मीर घाटी से पुलवामा के तौसीफ अहमद गनी (Towseef Ahmad Ganaie) ने 254वीं रैंक प्राप्त की है। तौसीफ, जो पेशे से पशु चिकित्सक (Veterinary Surgeon) हैं, उनकी सफलता ने दक्षिण कश्मीर के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है।

संघर्ष और सफलता की मिसाल: रितिका भान और इरफान अहमद लोन

सफल उम्मीदवारों में रितिका भान (Ritika Bhan) का नाम विशेष रूप से चर्चा में है, जिन्होंने 456वीं रैंक हासिल की है। कश्मीरी पंडित समुदाय से आने वाली रितिका का परिवार मूल रूप से शोपियां का रहने वाला है। वहीं, 957वीं रैंक हासिल करने वाले इरफान अहमद लोन (Irfan Ahmad Lone) ने साबित कर दिया कि हौसला हो तो शारीरिक अक्षमता भी बाधा नहीं बन सकती। दिव्यांग श्रेणी में सफल होकर इरफान ने समाज के लिए एक मिसाल पेश की है।

जम्मू-कश्मीर के अन्य सितारे जिन्होंने गाड़ा सफलता का झंडा

सूची में शामिल अन्य सफल उम्मीदवारों में सूयश शिवम (572), मुनीब पर्रह (581), गुलाम दीन (663), द्वारका गाढ़ी (721), आकाश (747), कोह-ए-सफा (763), यासार (811), अभिषेक (820), पंकज (856), मोहम्मद एजाज (869), अजहर (886) और सरफराज (936) के नाम शामिल हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर के विकास और सुशासन के सारथी बनेंगे।