img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि फार्म-7 के माध्यम से प्रदेशभर में करीब 1.99 करोड़ मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि निशाने पर विशेष रूप से पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाता हैं।

मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र के लिए वोट कटवाने का लक्ष्य तय किया गया है और इसके लिए प्रिंटेड फार्म-7 पर फर्जी हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। उन्होंने सुलतानपुर सदर और लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि निरक्षर लोगों के नाम पर भी दर्जनों फार्म जमा किए गए हैं। उनका कहना था कि गाजियाबाद से गाजीपुर तक इस तरह की कथित धांधली चल रही है।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात एक आईएएस अधिकारी पर भी आरोप लगाया कि वह कमिश्नर, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों पर फोन के जरिए दबाव बनाकर वोट कटवाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा को बड़े अंतर से हार का अंदेशा है, वहीं सबसे ज्यादा वोट हटाने की कोशिश की जा रही है।

सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार लिखित शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मांग की कि डाउनलोड किए गए फार्म-7 के सत्यापन की सख्त व्यवस्था हो, हर फार्म पर यूनिक नंबर और आयोग का होलोग्राम अनिवार्य किया जाए तथा अब तक जमा सभी फार्म-7 को तत्काल रद्द किया जाए। इसके साथ ही हस्ताक्षरों की न्यायिक जांच कर दोषियों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग भी की।

अखिलेश यादव ने मतदाताओं और पीडीए प्रहरियों से अपील की कि वे अपने वोट की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें। इस मौके पर पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह और पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मामलों की जानकारी साझा की।