img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 इस बार दो चरणों में हो रहा है। रोहतास जिले की सात सीटों में से चेनारी विधानसभा पर खासा दिलचस्प मुकाबला दिख रहा है। दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को मतगणना।

मुरारी प्रसाद गौतम का नया राजनीतिक रुख

2020 में महागठबंधन से कांग्रेस के मुरारी प्रसाद गौतम ने चेनारी सीट पर जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने जदयू के ललन पासवान को 18,003 मतों से हराया था और महागठबंधन की सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री बने थे।

फरवरी 2024 में जब नीतीश कुमार एनडीए में शामिल हुए, तब मुरारी प्रसाद गौतम भी भाजपा के साथ दिखने लगे। हालांकि उस समय उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया था। लेकिन अब उन्होंने विधिवत कांग्रेस और विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन कर लिया है।

चेनारी सीट के नए समीकरण

चेनारी विधानसभा सीट ब्राह्मण बहुल मानी जाती है। 2020 के चुनाव में मुरारी प्रसाद गौतम ने जदयू के ललन पासवान को 71,701 वोट से हराया, जबकि ललन पासवान को 53,698 वोट मिले। उस चुनाव में लोजपा के चंद्रशेखर पासवान ने भी 18,074 वोट हासिल कर जदयू की स्थिति मुश्किल कर दी थी।

इस बार मुरारी प्रसाद गौतम भाजपा के साथ हैं, जबकि चंद्रशेखर पासवान अब जदयू के प्रतिनिधि के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। अब जब लोजपा फिर से एनडीए में शामिल हो गई है, तो यह समीकरण और जटिल हो सकता है।

क्षेत्र के लोग अभी इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि महागठबंधन और एनडीए से कौन-कौन उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे। हालांकि मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच ही माना जा रहा है। वहीं जन सुराज पार्टी भी इस सीट पर त्रिकोणीय संघर्ष का दावा कर रही है।

चेनारी विधानसभा का भूगोल और मतदाता

चेनारी विधानसभा में मुख्य रूप से चेनारी, रोहतास, नौहट्टा और शिवसागर प्रखंड की कुछ पंचायतें आती हैं। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

कुल पंजीकृत मतदाता: 3,06,648

पुरुष: 1,63,254

महिला: 1,43,392

मंगलामुखी मतदाता: 2

2020 के चुनाव में इस सीट पर 57.31% मतदान हुआ था।

चेनारी विधानसभा क्षेत्र 1962 में अस्तित्व में आया। अब तक कुल 16 चुनाव हुए हैं (2009 के उपचुनाव सहित)। कांग्रेस ने 6 बार जीत हासिल की है, जबकि जेडीयू तीन बार, जनता दल दो बार और राजद, हिंदुस्तानी समाजवादी पार्टी, जनता पार्टी, लोक दल व राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने एक-एक बार जीत दर्ज की है।