सीएम नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में उर्जा क्षेत्र के 15871.24 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात बिहार की जनता को दिया। इस मौके पर सीएम ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमने मोदी सरकार से मांग किया है कि देश में कि वन नेशन वन टैरिफ बिजली का रेट लागू होना चाहिए।

नीतीश ने कहा कि बिहार में जो बिजली दी जा रही है, वह बहुत महंगी दी जा रही है। मोदी सरकार को देश के हर नागरिक का कल्याण करना है तो हर राज्य को एक दर पर बिजली मुहैया करें। उन्होंने कहा कि भारत में एक मूल्य पर प्रत्येक प्रदेश को बिजली मुहैया कराई जाए। उन्होंने कहा कि विकसित प्रदेश को किसी और मूल्य पर बिजली दी जा रही है और बिहार जैसे गरीब राज्यों को किसी और मूल्य पर बिजली मोदी सरकार दे रही है।
उन्होंने कहा कि पूरे बिहार भर में 2025 तक प्रीपेड मीटर हर घर तक लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा देने के लिए ऊर्जा विभाग को काम करना है। सीएम ने कहा कि ऊर्जा विभाग के इंजीनियरों से मेरी उम्मीद है कि वह बिहार में प्रीपेड मीटर जल्द से जल्द लगाएंगे।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में पहले 700 मेगावाट की आपूर्ति होती थी। राज्य में अब 6 हजार से ज्यादा मेगावाट बिजली की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में पटवन में लगने वाली बिजली की आपूर्ति भी जल्द बिहार सरकार करेगी।




