Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तराखंड के प्रसिद्ध शीतकालीन पर्यटन स्थल औली में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान माइनस पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से यहां की झील पूरी तरह जम गई है और आसपास की ढलानें बर्फ की मोटी चादर से ढकी नजर आ रही हैं। बर्फ से लकदक औली एक बार फिर पर्यटकों और स्की प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।
दक्षिणमुखी ढलानों में पर्याप्त बर्फ, आयोजनों को मिली हरी झंडी
औली की दक्षिणमुखी ढलानों पर पर्याप्त बर्फ जमी होने से पर्यटन विभाग ने फरवरी माह में बड़े आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली है। विभाग ने नेशनल विंटर गेम्स के साथ ही औली कार्निवाल को एक साथ आयोजित करने की रणनीति बनाई है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों आयोजनों को एक साथ कराने पर सहमति बन गई है और फरवरी के दूसरे सप्ताह में इन्हें आयोजित करने को लेकर मंथन अंतिम चरण में है।
देहरादून में हुई अहम बैठक, तिथि जल्द होगी घोषित
औली में नेशनल विंटर गेम्स के आयोजन को लेकर पर्यटन सचिव धीरज गर्ब्याल की अध्यक्षता में देहरादून में बैठक आयोजित की गई। बैठक में गढ़वाल मंडल विकास निगम, पर्यटन विभाग और विंटर गेम्स एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए। चर्चा के बाद यह तय किया गया कि नेशनल विंटर गेम्स के साथ औली कार्निवाल का आयोजन फरवरी के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा, जिसकी औपचारिक तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
देशभर से आएंगी स्की टीमें, फेडरेशनों को देनी होगी सूचना
बैठक में विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, सचिव राकेश रंजन और स्की कोच अजय भट्ट ने सुझाव दिया कि नेशनल गेम्स फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की स्की टीमें हिस्सा लेती हैं, ऐसे में सभी राज्य फेडरेशनों को समय रहते सूचना देना आवश्यक है।
औली कार्निवाल से बढ़ेगा पर्यटन, तैयारियों में जुटा विभाग
पर्यटन विभाग और जीएमवीएन अधिकारियों ने बताया कि औली कार्निवाल के माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की पूरी तैयारी है। नंदा देवी स्की स्लोप पर नेशनल गेम्स के लिए पर्याप्त बर्फ मौजूद है। पर्यटन सचिव ने स्पष्ट किया कि औली कार्निवाल और नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप को भव्य स्वरूप दिया जाएगा और अधिकारियों को तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जल्द ही औली में तैयारियों को लेकर एक और समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जीएमवीएन के महाप्रबंधक, रोपवे प्रबंधक दीपक डिमरी और गढ़वाल मंडल के मुख्य स्की प्रशिक्षक कमल किशोर डिमरी भी ऑनलाइन माध्यम से शामिल रहे।
_955355512_100x75.jpg)
_675276313_100x75.jpg)
_29894531_100x75.jpg)
_603744191_100x75.jpg)
_1553822084_100x75.jpg)