Prabhat Vaibhav,Digital Desk : रेल यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाते हुए IRCTC ने एक अहम कदम उठाया है। अब लंबी दूरी की यात्रा के दौरान खाने की चिंता नहीं करनी होगी, क्योंकि IRCTC ने ई-पैंट्री सेवा की शुरुआत कर दी है, जिसके तहत यात्री यात्रा से पहले ही भोजन बुक कर सकते हैं और ट्रेन चलने के बाद खाना सीधे उनकी सीट पर उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल यह सुविधा 25 ट्रेनों में शुरू की गई है।
किन यात्रियों को मिलेगा ई-पैंट्री का फायदा
IRCTC की यह सेवा उन ट्रेनों में लागू की गई है, जिनके टिकट किराए में भोजन शामिल नहीं होता या जिनमें ऑनबोर्ड पैंट्री की सुविधा उपलब्ध नहीं है। यह सुविधा केवल कन्फर्म और RAC टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी, जिससे यात्रा के दौरान भोजन को लेकर होने वाली असुविधा काफी हद तक दूर हो सकेगी।
टिकट बुकिंग के साथ या बाद में भी कर सकेंगे मील प्री-ऑर्डर
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, IRCTC की वेबसाइट या ऐप से ऑनलाइन टिकट बुक करते समय ही ई-पैंट्री के जरिए स्टैंडर्ड मील और रेल नीर बुक करने का विकल्प मिलेगा। यात्री चाहें तो टिकट बुक होने के बाद भी भोजन का प्री-ऑर्डर कर सकते हैं।
एमवीसी दिखाते ही सीट पर पहुंचेगा खाना
भोजन बुक करने के बाद यात्रियों को SMS और ई-मेल के जरिए कन्फर्मेशन मैसेज भेजा जाएगा, जिसमें मील वेरिफिकेशन कोड (MVC) शामिल होगा। यात्रा के दौरान जब वेंडर आपकी सीट पर पहुंचेगा, तो एमवीसी दिखाने के बाद भोजन और पानी आपको सौंप दिया जाएगा। इससे सही यात्री तक सही ऑर्डर पहुंचना सुनिश्चित होगा।
खाना न मिलने पर मिलेगा रिफंड
IRCTC ने यात्रियों की सुविधा और भरोसे को ध्यान में रखते हुए रिफंड की व्यवस्था भी की है। अगर किसी कारणवश यात्री को ऑर्डर किया गया भोजन नहीं मिलता है, तो वे रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पायलट प्रोजेक्ट से मिली सफलता
ई-पैंट्री सेवा की शुरुआत सबसे पहले विवेक एक्सप्रेस (22503/04) में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की गई थी। यह ट्रेन भारतीय रेलवे नेटवर्क की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेन है। पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद अब इसे अन्य ट्रेनों में भी लागू किया गया है।
इन ट्रेनों में शुरू हुई ई-पैंट्री सेवा
IRCTC ने विवेक एक्सप्रेस के अलावा स्वतंत्र सेनानी एक्सप्रेस, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, मंगलद्वीप एक्सप्रेस, कलिंग उत्कल एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, नेत्रावती एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, आज़ाद हिंद एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सहित कुल 25 ट्रेनों में यह सुविधा लागू कर दी है।




