Prabhat Vaibhav,Digital Desk : इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी (IIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सहरसा विधायक इंजीनियर इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने साफ शब्दों में कहा कि उनके लिए आरक्षण ही जीवन का पहला और अंतिम लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें एनडीए की ओर से मंत्री पद का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।
नरहन स्थित धर्मपाल दास के आवासीय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में विधायक गुप्ता ने कहा,
“ऐसे मंत्री पद हजार बार कुर्बान हैं, मुझे आरक्षण चाहिए। जिन बहनों ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है, उनके विश्वास को टूटने नहीं दूंगा।”
तांती-ततवां समाज के अधिकार के लिए सशक्त आवाज
विधायक ने विधानसभा में आरक्षण के मुद्दे को मजबूती से उठाने का संकल्प भी जताया। उनका कहना है कि तांती-ततवां समाज के बिना बिहार की राजनीति अधूरी है। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में इस समाज की आबादी करोड़ों में है और उनके आरक्षण के अधिकार के लिए वह लगातार विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं।
पंचायत चुनाव में समाज की पूरी भागीदारी
इंद्रजीत गुप्ता ने पंचायत चुनाव को लेकर भी स्पष्ट किया कि यह लड़ाई जीवन-मरण की लड़ाई है। उन्होंने कहा,
“जब तक समाज को उसका आरक्षण अधिकार नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में तांती-ततवां समाज पूरी ताकत से मैदान में उतरेगा। पंचायत स्तर से ही राजनीति की नींव मजबूत की जाएगी और सभी पंचायतों में समीकरण साधकर प्रत्याशी उतारे जाएंगे।”
समारोह में मौजूद प्रमुख नेता
समारोह में अखिल भारतीय पान महासंघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार दास ने कहा कि विभूतिपुर में पान समाज ने माकपा विधायक को जिताया है, ऐसे में समाज के हित में ठोस काम होना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महथी दक्षिण पंचायत के सरपंच हरेराम दास ने की।
मौके पर IIP जिलाध्यक्ष राजीव कुमार, पूर्व जिला पार्षद कोकाई दास, पूर्व मुखिया असर्फी दास, संजय सुमन, दिनेश दास, चिमन दास, रामचंद्र दास, राजेश रंजन, अनिल कुमार, संतोष कुमार, गणेश दास, रामाकांत दास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




