![img](https://prabhatvaibhav.com/wp-content/uploads/2025/02/Uttarakhand created a world record_1134894060.jpg)
देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों को आज उत्साह, जोश और उमंग के साथ हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से शानदार व यादगार विदाई दी गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दूरदर्शिता और प्रशानिक क्षमताओं की जमकर तारिफ की। उन्होंने कहा कि छोटे से राज्य के हर जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को धामी ने राष्ट्रीय खेलों के माध्यम से मजबूती दी, जो उनकी काबलियत को दर्शाता है।
इस यादगार मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ। खेलों के इस महा समागम में देशभर से पधारे 16 हजार से अधिक एथलीट्स ने 35 खेल विधाओं में प्रतिभाग कर कुल 448 स्वर्ण 448 रजत तथा 594 कांस्य पदक जीते। कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अनेक रिकॉर्ड स्थापित किए और भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखने वाले बहुत से चौंपियन भी उभर कर सामने आए हैं। इन खेलों में जहां हमने पहली बार योग और मलखंब जैसे अपने पारंपरिक खेलों को शामिल करने का कार्य किया वहीं रात्रि में रिवर राफ़्टिंग की प्रतियोगिता का आयोजन कर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित किया गया। इस आयोजन में प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करने के साथ ही बिजली के लिए सोलर एनर्जी का उपयोग भी किया। खिलाड़ियों को दिए गए मेडल को ई-वेस्ट और खेल किटों को रि-साइकिल्ड पदार्थों से तैयार किया गया। ट्रांसपोर्टेशन के लिए ई-वाहनों का प्रयोग भी किया गया। 2.77 हेक्टेयर वन क्षेत्र को ’खेल वन’ के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रत्येक पदक विजेता खिलाड़ी के नाम से रूद्राक्ष के पेड़ लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों को सफलतापूर्वक आयोजन के साथ उत्तराखंड ने इन खेलों में 24 स्वर्ण पदकों के साथ रिकॉर्ड 103 पदक अर्जित किए। इन परिणामों से हमारे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने आयोजन की जिम्मेदारी देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ ही खेल से जुड़े तमाम अधिकारियों, खिलाड़ियों आदि का आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजना के बाद देवभूमि उत्तराखण्ड खेलभूमि भी बन गई है। उन्होंने इस राष्ट्रीय खेल में पदक प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश स्पोर्ट्स हब बने इसकी शुरूआत आज से हुई है। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने कहा कि बहुत कम समय मिलने के बावजूद भी उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेल की हर स्पर्धा का शानदार आयोजन हुआ। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खिलाड़ियों ने संकल्प से शिखर तक को आत्मसात कर उत्तराखण्डियों को गर्व से अभिभूत किया।
देर शाम तक चले कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही योग के प्रदर्शन भी किए गए। जगमगाती लाइटों के बीच अलग-अलग थीम पर अयोजित कार्यक्रमों का खिलाड़ियों व दर्शकों ने जमकर आनंद लिया।